दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या पर भड़के राजद प्रदेश सचिव पप्पू डोम, केंद्र सरकार पर उठाए गंभीर सवाल
दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या पर भड़के राजद प्रदेश सचिव पप्पू डोम, केंद्र सरकार पर उठाए गंभीर सवाल
जे टी न्यूज, खगड़िया:

राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश सचिव पप्पू डोम ने एक तीखी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दिल्ली में एक बिहारी मजदूर युवक की कथित पुलिस गोलीबारी में हुई मौत को बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े एक गरीब बिहारी युवक की हत्या केवल इस कारण कर दी गई कि वह दिल्ली में मजदूरी कर रहा था, जो केंद्र सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
पप्पू डोम ने आरोप लगाया कि आज केंद्र के नेतृत्व में कानून के रक्षक ही भक्षक बनते जा रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के बयान पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि “मरने वाला मर गया” जैसी संवेदनहीन टिप्पणी यह दर्शाती है कि गरीबों की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है।
उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित किसी प्रभावशाली परिवार से होता, तो राजनीतिक प्रतिक्रिया अलग होती, लेकिन एक गरीब बिहारी होने के कारण उसे न्याय से वंचित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बिहार में बेरोजगारी को भी इस घटना की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि मजबूरी में युवक दिल्ली काम करने गया था।
राजद नेता ने भाजपा और एनडीए सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में अपराध, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और दलित-गरीबों पर अत्याचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आम जनता, महिलाएं और युवा अब भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि जनता अब जाग चुकी है और आने वाले समय में बदलाव निश्चित है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता सामाजिक न्याय और सुरक्षा के मुद्दों पर एकजुट होकर नए नेतृत्व का साथ देगी।




