बेंगलुरु में बिहार निवेशक सम्मेलन, 125 से अधिक उद्योगपतियों ने लिया हिस्सा
मंत्री श्रेयसी सिंह ने निवेशकों को बिहार में उद्योग लगाने के लिए किया आमंत्रित, इलेक्ट्रॉनिक सिटी सहित कई क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर हुई चर्चा
बेंगलुरु में बिहार निवेशक सम्मेलन, 125 से अधिक उद्योगपतियों ने लिया हिस्सा
मंत्री श्रेयसी सिंह ने निवेशकों को बिहार में उद्योग लगाने के लिए किया आमंत्रित, इलेक्ट्रॉनिक सिटी सहित कई क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर हुई चर्चा

जे टी न्यूज,
बेंगलुरु: बिहार को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में स्थापित करने के उद्देश्य से उद्योग विभाग, बिहार सरकार की ओर से बेंगलुरु में निवेशक सम्मेलन का आयोजन किया गया। बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 के पूर्व-आयोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने की। इसमें उद्योग जगत के 125 से अधिक प्रमुख प्रतिनिधियों, निवेशकों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
सम्मेलन में सेमीकंडक्टर, सूचना प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं, वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी), वस्त्र उद्योग, संपीड़ित जैव गैस (सीबीजी) और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में बिहार में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद बिहार में प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक सिटी पर प्रस्तुति दी गई। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक दृष्टिकोण और नीतिगत सुविधाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बेंगलुरु प्रौद्योगिकी और उद्यमिता का प्रमुख केंद्र है। बिहार में भूमि, प्रतिभा और सरकारी नीतियों का समर्थन उपलब्ध है। राज्य सरकार निवेशकों को स्पष्ट कार्ययोजना और समर्पित टीम उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदला जा सके।
उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार की औद्योगिक तस्वीर बदल रही है। राज्य सरकार चाहती है कि बेंगलुरु के उद्योगपति और निवेशक बिहार की विकास यात्रा में सहभागी बनें। उन्होंने प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक सिटी को बिहार की औद्योगिक महत्वाकांक्षा का प्रतीक बताते हुए निवेशकों से बिहार में निवेश करने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार के अधिकारियों से सीधे संवाद कर निवेश की संभावनाओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर कर्नाटक ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के सुरेश खन्ना, ईएलसीआईटीए के अध्यक्ष वीरप्पन, फेदरलाइट के प्रबंध निदेशक मनोहर गोपाल, वेलनकनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक किरण शाह, मिरोन के प्रबंध निदेशक डॉ. जयंत कुमार तथा विरासत के प्रबंध निदेशक योगेश नय्यर सहित कई प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

