सीपीएम नेता एस.पी. तिवारी नहीं रहे।
सीपीएम नेता एस.पी. तिवारी नहीं रहे।
जे टी न्यूज, पटना: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की बिहार राज्य कमिटी के पूर्व सदस्य, संयुक्त बिहार के जनवादी नौजवान सभा के महासचिव, मार्क्सवादी चिन्तक, संगठनकर्त्ता कॉ0 शिव प्रसाद तिवारी का निधन आज दिनांक-04.07.2025 को पटना स्थित मेदांता अस्पताल में हो गया।
उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन छात्र-आंदोलन से शुरू किया था और सत्तर के दशक के शुयआती दौर में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में एस.एफ.आई. से जुड़े। आपातकाल में भूमिगत रहकर दिल्ली में प्रकाश करात तथा अन्य साथियों के साथ मिलकर उस दमनकारी स्थिति का मुकाबला किया। अपना शोध पूरा करने के बाद वे दो वर्षों तक असम में प्राध्यापक के रूप में कार्यरत रहे, लेकिन बादमें वे अपने गृह राज्य बिहार आकर पार्टी का पूरावक्ती कार्यकर्त्ता बन गये।
अपनी सांगठनिक क्षमता, मार्क्सवाद-लेनिनवाद की गहरी समझ और सभी स्तरों के कामरेडों के साथ सहज-सरल व्यवहार ने उन्हें सबका प्रिय बना दिया। अपने सहज-सरल स्वभाव के साथ-साथ वैचारिक दृढ़ता उन्हें एक अलग व्यक्तित्व प्रदान करता था।
हाल के वर्षों में अपनी शारीरिक अक्षमता और जानलेवा बिमारी के दौर में भी वे पार्टी की गतिविधियों, वैचारिकता पर गहरी नजर रखते थे। पार्टी अपने प्रिय कामरेड एवं शिक्षक की मृत्यु पर गहरे शोक का इजहार करती है और परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती है।
पटना के जमाल रोड स्थित पार्टी कार्यालय में उनके पार्थिव शरीर पर लाल झंडा डालकर तथा पुष्पांजलि के जरिये अंतिम विदाई दी गई और लाल झंडा झूका दिया गया।
इस अवसर पर पार्टी के राज्य सचिव ललन चौधरी, केन्द्रीय कमिटी सदस्य अवधेश कुमार, सचिव मंडल सदस्य रामपरी, राज्य कमिटी सदस्य मनोज चन्द्रवंशी, सीपीआई(एम) के पूर्व सचिव मंडल सदस्य अरूण कुमार मिश्र, सर्वोदय शर्मा, राज्य कमिटी सदस्य अशोक कुमार मिश्र, पूर्व राज्य कमिटी सदस्य एवं सीटू के राज्य अध्यक्ष गणेश शंकर सिंह, सुजीत कुमार, राजीव रंजन, कमल किशोर, विद्युत पाल, कृष्ण मेहता, स्टोनो बाबू, निशांत के अलावे पटना जिला के तथा ट्रेड यूनियन आंदोलन से जुड़े अनेको साथी उपस्थित थे। कॉ0 शिव प्रसाद तिवारी अमर रहे, कॉ0 शिव प्रसाद तिवारी के अरमानों को मंजिल तक पहुँचायेंगे, सीपीआई(एम) जिन्दाबाद, इंकलाब, जिन्दाबाद के नारों के साथ उनके प्रेरक जीवन से सीख लेने का संकल्प व्यक्त किया गया।


