दबंगों ने बुजुर्ग किसान की जमीन पर मचाया तांडव, फसल लूटी और पेड़ काटे
दबंगों ने बुजुर्ग किसान की जमीन पर मचाया तांडव, फसल लूटी और पेड़ काटे

जे टी न्यूज, उदाकिशुनगंज(मधेपुरा): उदकिशुनगंज थाना क्षेत्र के खाड़ा पंचायत अंतर्गत खाड़ा चकला बासा वार्ड नं-03 में दबंगों द्वारा एक बुजुर्ग किसान की पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से फसल लूटने और पेड़ों को काटकर नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित किसान कामेश्वर ठाकुर( 63 ) ने इस संबंध में स्थानीय थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार, यह घटना 4 मई 2026 की सुबह करीब 6:00 बजे की है। आरोप है कि गांव के ही करीब आधा दर्जन नामजद व्यक्ति जिनमें रानो देवी, बबलू ठाकुर, शिवनंदन मेहता, गुड़िया देवी, अनिरुद्ध मेहता और अंकुश कुमार शामिल हैं 5-7 अन्य अज्ञात लोगों के साथ लाठी, डंडा, दबिया और लोहे की रॉड जैसे घातक हथियारों से लैस होकर उनके खेत पर पहुंचे। आरोपियों ने खेत में लगी मकई की फसल काट कर लूट ली। इसके अलावा, खेत की घेराबंदी के लिए लगाए गए पोल और तार को उखाड़ दिया तथा आम एवं महोगनी के कीमती वृक्षों को भी काटकर गिरा दिया गया। आवेदन में बताया गया है कि जब पीड़ित और उनके परिवार ने इस कार्रवाई का विरोध किया, तो हमलावरों ने अभद्र गालियां देते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई पीड़ित की पत्नी के साथ भी मारपीट और अश्लील हरकत की गई। आरोप है कि हमलावरों ने महिला के गले में साड़ी लपेटकर जमीन पर घसीटा, जिससे वह बेहोश हो गई।
कायम है जमीन की जमाबंदी :
पीड़ित कामेश्वर ठाकुर ने बताया कि उक्त जमीन उन्होंने साल 2015 में केवाला दस्तावेज सं. 3375 के जरिए खरीदी थी, जिसकी जमाबंदी भी उनके नाम पर कायम है। उन्होंने यह भी शिकायत की है कि इस विवाद को लेकर पहले भी दो बार सनहा दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई जाँच-पड़ताल नहीं की गई है।
जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी है। फिलहाल, पीड़ित ने थाने में नामजद आवेदन देकर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

