बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को सफल बनाने का आह्वान
बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को सफल बनाने का आह्वान

जे टी न्यूज़, धमदाहा : भारतीय जनता पार्टी की सांगठनिक मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने को लेकर धमदाहा विधानसभा अंतर्गत कामाख्या मंडल में मासिक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलामंत्री नूतन गुप्ता शामिल हुईं।
बैठक के दौरान पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की गई।
इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए आगामी लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं भाजपा नेता उपस्थित रहे।
जिलामंत्री नूतन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंच रहा है।
श्रीमती गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य ‘अंत्योदय’ है और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाना ही प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी सभी कार्यक्रमों में जनता की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ता हरिनंदन ठाकुर, विधानसभा संयोजक सुनील भगत, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कौशिक, सुदर्शन कुमार बब्बू, दिलीप कुमार, रविन्द्र मालाकार, लक्ष्मण पासवान, सुभाष झा सहित कामाख्या मंडल कोर कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में लिए गए निर्णयों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से स्पष्ट है कि भाजपा आगामी कार्यक्रमों को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने की दिशा में ठोस प्रयास जारी है।

