समर्पित शिक्षिका कुमारी आशा यादव को भावभीनी विदाई
शिक्षा सेवा के दो दशक का गौरवपूर्ण सफर हुआ पूर्ण
समर्पित शिक्षिका कुमारी आशा यादव को भावभीनी विदाई
शिक्षा सेवा के दो दशक का गौरवपूर्ण सफर हुआ पूर्ण

जे टी न्यूज, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा):
प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय, रामपुर खोड़ा में शनिवार को विद्यालय की पूर्व प्रधानाध्यापिका एवं वर्तमान में सहायक शिक्षिका कुमारी आशा यादव के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। पूरा वातावरण भावनात्मक होने के साथ-साथ सम्मान और गौरव से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कुमारी आशा यादव के लंबे शैक्षणिक योगदान, अनुशासित कार्यशैली तथा विद्यार्थियों के प्रति उनकी समर्पित भावना की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि कुमारी आशा यादव ने अपने कार्यकाल में विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
2012 में दिया था योगदान :
मूल रूप से उदाकिशुनगंज अनुमंडल के करौती पिपरा गांव निवासी कुमारी आशा यादव ने इस विद्यालय में वर्ष 2012 में शिक्षक पद पर योगदान दिया था।इससे पूर्व वे वर्ष 2006 से वर्ष 2012 तक के पी एन मध्य विद्यालय पिपरा करौती में प्रभारी प्रधान के रूप में कार्यरत थी। दो दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न विद्यालयों में अपनी सेवाएं देकर शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया।विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने प्रिय शिक्षिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी श्री चौधरी ने कहा कि सेवा निवृति नौकरी का हिस्सा होता है लेकिन याद उन्हें किया जाता है जिनका किरदार बेहतर होता है।उन्होंने श्रीमती यादव के स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना किया।वहीं अपने संबोधन में कुमारी आशा यादव ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सेवा उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय रही है और विद्यार्थियों की सफलता ही किसी शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।कहा कि इस विद्यालय परिवार से जो स्नेह और सम्मान हमे मिला है ,उसे कभी भुला नही सकती हूँ।

ये रहे मौजूद :
समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापक ललन कुमार दीनबंधु, शिक्षक भवेश कुमार, अरुण कुमार सिंह, दिनेश कुमार भारती, संजय प्रताप,परमानंद मेहता, ओमप्रकाश कुमार, अभिषेक कुमार, शिक्षिकाएं शबनम कुमारी, मीरा कुमारी, शोभा कुमारी, अनीता कुमारी एवं निधि कुमारी, मुखिया संजीव यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने आशा कुमारी के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। विदाई के क्षणों में उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गई।


