35 लाल कार्डधारियों ने लगाई न्याय की गुहार,आवास व सुरक्षा की मांग

35 लाल कार्डधारियों ने लगाई न्याय की गुहार,आवास व सुरक्षा की मांग

 

जे टी न्यूज,


करगहर(रोहतास)करगहर प्रखंड अंतर्गत पंचायत रुपैठा ग्राम सहुआड के 35 लाल कार्डधारियों ने अंचलाधिकारी अजीत कुमार सिंह के बुलावे पर करगहर अंचल कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। लाल कार्डधारियों का कहना है कि उन्हें वर्ष 1988 में बिहार सरकार द्वारा लाल कार्ड के माध्यम से भूमि उपलब्ध कराई गई थी, जिस पर वे वर्षों से झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे हैं।
लाभार्थियों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ भूस्वामियों द्वारा कथित रूप से फर्जी कागजात तैयार कर उन्हें उक्त भूमि से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि वे सभी महादलित एवं भूमिहीन परिवार से आते हैं तथा वर्षों से उक्त भूमि पर दखल-कब्जे में रह रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें समय-समय पर गाली-गलौज, झोपड़ी उजाड़ने और जान-माल की क्षति पहुंचाने की धमकियां दी जाती हैं। लाल कार्डधारियों ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने,भूमि की मापी कर चौहद्दी निर्धारित करने तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के अंचल सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी महेंद्र प्रसाद गुप्ता, जिला परिषद सदस्य रामचंद्र राम तथा सहायक अंचल सचिव जगनारायण गुप्ता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर भूमिहीन महादलित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।

नेताओं ने दोनों पक्षों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से विवाद के समाधान की अपील भी की। इस संबंध में अंचलाधिकारी अजीत कुमार सिंह ने कहा कि संबंधित पक्षों को 15 दिनों का समय दिया गया है ताकि वे उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर सकें। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़ा सामने आता है तो नियमानुसार अपील एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। मौके पर रविशंकर पासवान,वंश नारायण राम,जगनारायण राम,गुप्तेश्वर राम,सत्येंद्र पासवान,कामेश्वर पासवान,अर्जुन राम,बिहारी राम,धनजी पासवान,धर्मेंद्र राम,दयाल राम,हीरामन राम सहित बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button