पीएमएफएमई योजना से बीभा देवी बनीं आत्मनिर्भर, तेल मिल स्थापित कर पांच लोगों को दिया रोजगार
पीएमएफएमई योजना से बीभा देवी बनीं आत्मनिर्भर, तेल मिल स्थापित कर पांच लोगों को दिया रोजगार

जे टी न्यूज,मधुबनी : मधुबनी जिले के विस्फी प्रखंड की रहने वाली बीभा देवी ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की है। केड़वार गांव निवासी बीभा देवी ने वर्ष 2024 में तेल मिल उद्योग की स्थापना कर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया, बल्कि क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित किए हैं।
बीभा देवी ने बताया कि उन्हें उद्योग विभाग के माध्यम से पीएमएफएमई योजना की जानकारी प्राप्त हुई। योजना से प्रेरित होकर उन्होंने 30 मई 2024 को तेल मिल इकाई की स्थापना की। इस कार्य के लिए उन्हें योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इसी सहयोग से उन्होंने अपने व्यवसाय की शुरुआत की और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती तेल उपलब्ध कराना शुरू किया।
उन्होंने बताया कि व्यवसाय शुरू करने के शुरुआती दिनों में उत्पाद को बाजार में पहचान दिलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि निरंतर मेहनत, ग्राहकों का विश्वास और उत्पाद की गुणवत्ता के बल पर धीरे-धीरे उनकी तेल मिल ने स्थानीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना ली।

बीभा देवी की इस पहल से आज स्वयं के अलावा पांच अन्य लोगों को भी रोजगार मिला हुआ है। इससे स्थानीय स्तर पर बेरोजगारी कम करने में मदद मिली है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
भविष्य की योजनाओं के बारे में उन्होंने कहा कि वर्तमान में उनकी इकाई में तेल निर्माण का कार्य किया जा रहा है, लेकिन व्यवसाय के विस्तार और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त पूंजी की आवश्यकता होगी। उन्होंने युवाओं और महत्वाकांक्षी उद्यमियों को संदेश देते हुए कहा कि बिहार जैसे राज्य में कुशल श्रमिक और पर्याप्त बाजार उपलब्ध हैं। यदि युवा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उद्योग स्थापित करें तो वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरों को भी रोजगार प्रदान कर सकते हैं। बीभा देवी की सफलता की यह कहानी अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।



