मंडल रेल के परामर्शदात्री समिति की बैठक में यात्री सुविधाओं एवं जनसमस्याओं पर हुआ विचार-विमर्श।

मंडल रेल के परामर्शदात्री समिति की बैठक में यात्री सुविधाओं एवं जनसमस्याओं पर हुआ विचार-विमर्श।

जेटीन्यूज़
समस्तीपुर : समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित “मंथन सभागार” में शनिवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की तृतीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने की। बैठक का संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती अनन्या स्मृति द्वारा किया गया।बैठक में डीआरयूसीसी के 27 सदस्यों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त बैठक में मंडल के सभी शाखा अधिकारी भी उपस्थित रहे। सर्वप्रथम अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डीआरयूसीसी रेल प्रशासन एवं आम रेल उपभोक्ताओं के बीच एक महत्वपूर्ण संवाद मंच है, जिसके माध्यम से यात्रियों की आवश्यकताओं, स्थानीय जनभावनाओं एवं विकास संबंधी सुझावों को सीधे रेल प्रशासन तक पहुंचाया जाता है। इस समिति के माध्यम से प्राप्त सुझाव रेलवे की कार्ययोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मंडल में 787 समपार फाटक हैं, जो भारतीय रेल के किसी भी मंडल में सर्वाधिक हैं। इन समपार फाटकों के कारण यातायात की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए रोड ओवर ब्रिज एवं रोड अंडर ब्रिज निर्माण की मांगों पर भी प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। श्री मिश्रा ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मंडल में रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चयनित 23 स्टेशनों में से 6 स्टेशनों का आधुनिकीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि अगले दो से तीन माह के भीतर अन्य 6 स्टेशनों का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, प्लेटफॉर्म डिस्प्ले बोर्ड, लिफ्ट एवं एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं अन्य यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि समस्तीपुर–दरभंगा रेलखंड का दोहरीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है, इसके अतिरिक्त दरभंगा स्टेशन पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर स्थापना का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने सदस्यों से प्राप्त प्रत्येक सुझाव एवं मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। प्रमुख रूप से विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, समय-सारणी से संबंधित विषय, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, प्रतीक्षालय, शौचालय, स्टेशन विकास, यात्री सुरक्षा, नई सुविधाओं के सृजन तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित एवं यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर रेलवे बोर्ड एवं लागू नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button