छत पर कपड़े उतारने गई 12 वर्षीय बच्ची की करंट लगने से दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

छत पर कपड़े उतारने गई 12 वर्षीय बच्ची की करंट लगने से दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

जे टी न्यूज, करगहर (रोहतास) रोहतास जिला अंतर्गत करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में शनिवार को एक बेहद हृदयविदारक हादसा हो गया। छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई 12 वर्षीय रेशमा कुमारी की 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका रेशमा कुमारी,पिता हेरफन भुइया, मूल रूप से ग्राम चपरी,थाना बरवाडीह, जिला लातेहार(झारखंड)की रहने वाली थी। बताया जाता है कि वह छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान उसकी पीठ 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही करगहर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया,आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से उच्च वोल्टेज तारों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Back to top button