थाना परिसर के कमरे में एएसआई का फंदे से लटका मिला शव पुलिस कर रही मामले की जांच

थाना परिसर के कमरे में एएसआई का फंदे से लटका मिला शव पुलिस कर रही मामले की जांच

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर :जिले के मोहिउद्दीननगर थाना में तैनात डायल-112 के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बबलू कुमार प्रसाद का शव थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में फंदे से लटका मिला । प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है I मौत के कारणों का बता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है । घटना शनिवार सुबह मोहिउद्दीननगर थाना की है। थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में डायल-112 में तैनात 50 वर्षीय ASI बबलू कुमार प्रसाद का शव फंदे से लटका मिला। सुबह जब साथी पुलिसकर्मियों की नजर शव पर पड़ी तो तत्काल इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी , सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। मृतक ASI बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे। उनका परिवार बगहा में रहता है, जबकि वह समस्तीपुर में अकेले रहकर नौकरी कर रहे थे।

वह पिछले करीब ढाई वर्षों से मोहिउद्दीननगर थाना में डायल-112 पर तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर थाना के डायल-112 में हुआ था, लेकिन उन्होंने अभी वहां योगदान नहीं दिया था।समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि पहली नजर में मामला डिप्रेशन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में यह सामने आया है कि ASI बबलू कुमार प्रसाद काफी शांत स्वभाव के थे और साथी पुलिसकर्मियों से भी कम बातचीत करते थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद अधिकांश समय अपने कमरे में ही रहते थे। कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी बिताकर अपने घर बगहा से लौटे थे। बेटे से बातचीत हुई है, लेकिन अब तक किसी पारिवारिक विवाद की पुष्टि नहीं हुई है। परिवार को सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। डीआईजी मनोज कुमार तिवारी भी मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। थाना के सभी पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आत्महत्या, मानसिक तनाव और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button