कांशीराम सामाजिक न्याय के सशक्त प्रणेता थे: राकेश पासवान शास्त्री
मान्यवर कांशीराम की 20वीं पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
कांशीराम सामाजिक न्याय के सशक्त प्रणेता थे: राकेश पासवान शास्त्री
मान्यवर कांशीराम की 20वीं पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

जे टी न्यूज़, खगड़िया : सदर प्रखंड के नन्हकू मंडल टोला स्थित मेनका-कार्तिकेय सदन के सभाकक्ष में बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की 20वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता दलित युवा संग्राम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को नमन किया।
मौके पर आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि मान्यवर कांशीराम दलितों, महादलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों एवं शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों की बुलंद आवाज और सामाजिक न्याय के सशक्त प्रणेता थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन बहुजन समाज को जागरूक, संगठित और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए समर्पित कर दिया। वर्ष 1984 में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर उन्होंने वंचित समाज को राजनीतिक भागीदारी का नया मंच प्रदान किया।
श्री शास्त्री ने कहा कि कांशीराम का विचार था कि बहुजन समाज को याचक नहीं, बल्कि शासक बनना चाहिए। उनका नारा— “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी”— सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व की भावना को अभिव्यक्त करता है। श्री शास्त्री ने कहा कि शिक्षा, संगठन और राजनीतिक चेतना के माध्यम से ही बहुजन समाज अपने अधिकारों को मजबूत कर सकता है।

उन्होंने कहा कि कांशीराम के विचार आज भी सामाजिक समानता, अधिकारों और भागीदारी की लड़ाई में प्रेरणास्रोत हैं। उनके सपनों को साकार करने के लिए समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर जयजयराम पासवान, सुबोध पासवान, अंकेश कुमार पासवान, विभूति कुमार ज्वाला, रघुवंश प्रसाद यादव, रंजन साह, हरिवंश कुमार, चंदन पासवान, जीवन शर्मा, सूर्यवंश कुमार एवं पवन दास सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

