गोलू साह मारपीट मामले में राजद जांच कमेटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

विधायक भाई वीरेंद्र के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिले जांच दल के सदस्य, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

गोलू साह मारपीट मामले में राजद जांच कमेटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

विधायक भाई वीरेंद्र के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिले जांच दल के सदस्य, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: मोहिउद्दीननगर में 25 वर्षीय गोलू साह के साथ कथित मारपीट की घटना की जांच के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सात सदस्यीय कमेटी बुधवार को घटनास्थल पहुंची। विधायक भाई वीरेंद्र के नेतृत्व में जांच दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित गोलू साह एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कमेटी ने जिले के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत कर मामले में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।

राजद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मोहिउद्दीननगर दक्षिण के वार्ड संख्या-3 निवासी गोलू साह, पिता विजय साह के साथ 7 अक्टूबर 2026 को कथित तौर पर मारपीट की गई थी। विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि करीमनगर के पूर्व मुखिया एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेश कुमार सिन्हा ने 112 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में गोलू साह के साथ लाठी से मारपीट की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए राजद के प्रदेश नेतृत्व ने 12 अक्टूबर को सात सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी की अध्यक्षता मनेर के विधायक एवं बिहार विधानसभा की लोक लेखा समिति के सभापति भाई वीरेंद्र कर रहे हैं।

‘दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराएगा राजद’

घटनास्थल के निरीक्षण के बाद कमेटी के अध्यक्ष भाई वीरेंद्र ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि 112 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक गरीब युवक के साथ बेरहमी से मारपीट होना बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

भाई वीरेंद्र ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में प्रशासन का इकबाल खत्म हो गया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता की कथित गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजद पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेगा।

पुलिस महानिदेशक को सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट

राजद की ओर से बताया गया कि जांच कमेटी घटनास्थल के निरीक्षण, पीड़ित परिवार से बातचीत और पुलिस-प्रशासन से प्राप्त जानकारी के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। यह रिपोर्ट पार्टी के प्रदेश नेतृत्व और बिहार के पुलिस महानिदेशक को सौंपी जाएगी। कमेटी ने मामले में निष्पक्ष जांच और न्यायोचित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

जांच कमेटी में ये नेता रहे शामिल

जांच दल में अध्यक्ष भाई वीरेंद्र, विधायक रणविजय साहू, पूर्व विधायक डॉ. एज्या यादव, विधायक शंकर राय, विधान पार्षद मो. कारी सोहैब, समस्तीपुर की राजद जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती तथा उजियारपुर संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश्वर महतो शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button