संविधान दिवस पर संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में विशेष व्याख्यान, संवैधानिक मूल्यों पर हुआ विमर्श

भावी शिक्षकों से संविधान के आदर्शों को शिक्षण एवं व्यवहार में आत्मसात करने की अपील

संविधान दिवस पर संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में विशेष व्याख्यान, संवैधानिक मूल्यों पर हुआ विमर्श

भावी शिक्षकों से संविधान के आदर्शों को शिक्षण एवं व्यवहार में आत्मसात करने की अपील
जे टी न्यूज,
समस्तीपुर। ऑटोनोमस एवं नैक से बी++ ग्रेड प्राप्त संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, बिरसिंहपुर में संविधान दिवस के अवसर पर आर.ए.सी. एवं सह-पाठ्यचर्या समिति के संयुक्त तत्वावधान में विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को भारतीय संविधान के मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रोली द्विवेदी एवं समिति के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आशा सेवा संस्थान, समस्तीपुर के सचिव अमित कुमार वर्मा, मुस्कान जिला नशा मुक्ति केंद्र, समस्तीपुर के कार्यक्रम समन्वयक राजकुमार राय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के पैनल अधिवक्ता मनोज कुमार तथा पारा विधिक स्वयंसेवक विजय कुमार को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।

महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक श्री मनोज कुमार ने अपने संबोधन में संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक चेतना और भावी शिक्षकों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्राचार्या डॉ. रोली द्विवेदी के शैक्षणिक नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और संस्थान के अकादमिक विकास के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की प्रगति स्पष्ट नेतृत्व, सामूहिक प्रयास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता से सुनिश्चित होती है।

वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित लोकतांत्रिक समाज की आधारशिला है। भावी शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे इन संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण और शिक्षण प्रक्रिया में आत्मसात करें तथा विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिकता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक चेतना विकसित करें।

कार्यक्रम में श्री विजय कुमार एवं डॉ. अमित कुमार वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संविधान के प्रति जागरूकता, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा समाज निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता द्विवेदी ने किया। अंत में प्राचार्या डॉ. रोली द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आमंत्रित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button