संवाद से समाधान की ओर कदम, सौराठ में लगा संत गुरु रविदास विकास शिविर

विकास शिविरों का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना — अपर समाहर्ता

संवाद से समाधान की ओर कदम, सौराठ में लगा संत गुरु रविदास विकास शिविर

विकास शिविरों का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना — अपर समाहर्ता

जे टी न्यूज,मधुबनी

संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिले के महादलित टोलों में आयोजित किए जा रहे संत गुरु रविदास विकास शिविर के तहत आज सौराठ पंचायत में विशेष विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार एवं एसपी ग्रामीण शिवम धाकड़ ने संयुक्त रूप से किया।
सौराठ पंचायत के वार्ड संख्या-11 अंतर्गत सामुदायिक भवन के समीप स्थित रविदास टोला में आयोजित इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
विदित है कि विकास शिविर का उद्देश्य महादलित समुदाय सहित समाज के जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक सरकार की कल्याणकारी और विकासात्मक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। साथ ही, लोगों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को स्थानीय स्तर पर सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करना भी शिविर का प्रमुख उद्देश्य है।
शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, सेवाओं तथा लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक पात्रता एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। उपस्थित नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार के विकास शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त हो और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

गौरतलब है कि संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य के विभिन्न महादलित टोलों में विशेष विकास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मधुबनी जिले के चिह्नित महादलित टोलों में भी चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button