जदयू ने कहा- लोकतंत्र नहीं लूट तंत्र में है तेजस्वी का विश्वास, विपक्ष ने लालू काल की दिलाई याद

जेटी न्यूज़
पटना:तेजस्वी यादव ने मंगलवार को विधानसभा में हुई घटना को लेकर 26 मार्च को बिहार बंद का ऐलान किया है। नेता प्रतिपक्ष के बंद को लेकर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी को बिहार के विकास में विश्वास नहीं है। उन्हें अपने पिता लालू प्रसाद यादव के लूट तंत्र में विश्वास है।

 

कुशवाहा ने कहा, ‘विधानसभा में जिस तरह से विपक्ष की ओर से घटना हुई बिहार के लिए वह काला दिन है। इसने लालू यादव के 15 साल के लूट तंत्र को याद दिला दिया। हमारे नेता नीतीश कुमार लोगों की सेवा को अपना धर्म मानते हैं और बिहार के विकास में लगे हैं। नीतीश कुमार हमेशा कहते हैं कि वोट की नहीं लोगों की चिंता करें।’
अपने माता-पिता के शासन की उपलब्धियां गिनाएं तेजस्वी
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, तेजस्वी यादव से उम्मीद भी क्या की जा सकती है। विपक्ष ने सदन नहीं चलने दिया। तेजस्वी को बताना चाहिए कि उनके माता-पिता के शासनकाल की क्या उपलब्धियां हैं। उनमें हिम्मक है तो लालू और राबड़ी देवी के राज की उपलब्धियां गिनाएं। उनका विश्वास लोकतंत्र नहीं बल्कि लूट तंत्र में है।

राजद ने 26 मार्च को किया बिहार बंद का ऐलान
बिहार विधानसभा में मंगलवार को हुई घटना के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 26 मार्च को बिहार बंद का ऐलान किया है। 10 सर्कुलर रोड पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से बिहार के अधिकारियों को अप्रत्यक्ष तौर पर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि हम बिलकुल चुप नहीं बैठेंगे। कांग्रेस ने राजद के बिहार बंद को अपना समर्थन दिया है।

Related Articles

Back to top button