लम्बे अर्से के बाद भाजपा सांसद पहुँचे सौराठ सभागाछी

जेटी न्यूज मधुबनी।
सौराठ सभागाछी में सोमवार को अपनी हाजरी लगाने भाजपा के स्थानीय सांसद, विधायक और विधान पार्षद तीनों एक साथ पहुंचे। उनके साथ कुछ स्थानीय कार्यकर्ता भी थे। इस अवसर पर इन्होंने सभागाछी परिसर में वृक्षारोपण भी किया । लेकिन मौके पर इन्हें सभागाछी की अनवरत उपेक्षा को लेकर वहां उपस्थित लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा जहां लोगों ने सभागाछी की जीर्णता को लेकर इन सम्मानित जन प्रतिनिधियों से अपनी तमाम अपेक्षाएं दर्ज कराई। वहीं इस अवसर पर मौजूद उत्साही युवाओं ने सभागाछी के परंपरा के अनुसार आतिथ्य सत्कार देते हुए इन्हें पाग-दोपटा पहनाकर इनका सम्मान भी किया।

विदित हो कि सभावास के आज नौवें दिन भी रामायण पाठ के अलावे सभागाछी में कोई विशेष उपस्थिति नहीं देखी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले के विभिन्न पंचायतों में चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के मद्देनजर स्थानीय सांसद अशोक यादव, विधायक हरिभुषण ठाकुर बचौल और विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर का एक साथ यहां आना हुआ था। इस दौरान स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं को देखते हुए सभागाछी स्थित विद्यापति पुस्तकालय के लिए सांसद और विधायक द्वारा 5-5 लाख रुपये दिये जाने की घोषणा भी की गई।



