एक से पांच सितंबर तक आयोजित होगा जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिता 2024
एक से पांच सितंबर तक आयोजित होगा जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिता 2024

जे टी न्यूज, सासाराम (रोहतास) आगामी 1 से 5 सितंबर तक न्यू स्टेडियम, फजलगंज में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2024 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारी को लेकर आज जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक आहूत की गई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार और बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अनिल बसाक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। वहीं बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, शिक्षा तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के पदाधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस संबंध में कल सभी प्राचार्य, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा खेल शिक्षकों की बैठक अपने-अपने प्रखंडों में बुलाई जाए।

उन्होंने कहा कि सभी 285 विद्यालयों में बैनर के माध्यम से सभी 18 खेल विधाओं के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी जाए तथा उस बैनर पर एक व्हाट्सएप नंबर भी अंकित किया जाय। जिस पर खेल में शामिल होने वाले इच्छुक छात्र-छात्राएं अपना नाम दर्ज करवा सकें। उन्होंने सबसे पहले सभी स्कूलों से खेल विधावार सूची तैयार करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने जिला स्तर पर एक चयन समिति का निर्माण करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि वैसे शारीरिक शिक्षक जोकि दो-तीन वर्षों से ज्यादा समय से पदस्थापित हैं, उन्हें इस चयन समिति में शामिल न किया जाए। उन्होंने चयन समिति को पूरी तरीके से पारदर्शी और स्वच्छ बनाने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी ने खेल स्थल पर चेंजिंग रूम, शौचालय तथा पानी की उत्तम व्यवस्था करने निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिलेभर के विभिन्न विद्यालयों से हजारों बच्चे-बच्चियों यहां आएंगे। ऐसे में उन्होंने विधि व्यवस्था संधारण के लिए खेल प्रतियोगिता के दौरान आरक्षियों की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। उन्होंने खेल स्थल पर दो एंबुलेंस, मेडिकल कैंप, पैथोलॉजी आदि की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जो बच्चे राज्य स्तर पर पदक जीतकर आएंगे, उनके प्राचार्य और शारीरिक शिक्षक को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उनका नाम सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के लिए भी नामित किया जाएगा। उन्होंने आरसीडी और नगर निगम को सम्मिलित रूप से खेल मैदान के समतलीकरण और साफ सफाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बारिश की आशंका को देखते हुए खिलाड़ियों के लिए शेड बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी खेल विधाओं को तिथिवार तरीके से जल्द से जल्द बांटने का निर्देश दिया है। उन्होंने फुटबॉल, हॉकी और क्रिकेट जैसे खेलों को किसी अलग खेल मैदान में कराने का निर्देश दिया है।
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2024 में कुल 18 खेल विधाओं को शामिल किया गया है, जिसमे -एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, भारोत्तोलन, ताइक्वांडो, रग्बी, बास्केटबॉल, शतरंज, हॉकी, बॉक्सिंग, योगा, क्रिकेट, वुशु शामिल हैं। इस खेल प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग – अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में बच्चे बच्चियों शामिल होंगी। खेल का आयोजन न्यू स्टेडियम फजलगंज, खेल भवन, मल्टीपरपज हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट और वॉलीबॉल कोर्ट में किया जाएगा। फुटबॉल, क्रिकेट और हॉकी के लिए खेल स्थल का चयन जल्द ही किया जाएगा।



