गीत, संगीत एवं नृत्य के सागर में गोते लगाने को मजबूर हुए लोग

गीत, संगीत एवं नृत्य के सागर में गोते लगाने को मजबूर हुए लोग

जे टी न्यूज, खगड़िया: रंगीन कूचियों की मदद से कैनवास पर उकेरे दर्जनों चित्रों से जहां दर्शक चित्रकला के विभिन्न आयामों से रूबरू हुए, वहीं भारतीय पारंपरिक कला ने उपस्थित लोगों को मधुर गीत, संगीत एवं नृत्य के सागर में गोते लगाने को मजबूर कर दिया। अवसर था

विश्वनाथगंज स्थित ऋषि आर्ट्स एवं क्राफ्ट एकेडमी द्वारा आयोजित कला उत्सव 2025 का। एकेडमी के छात्र एवं छात्राओं द्वारा मौके पर चित्रकला प्रदर्शनी एवं सास्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विविधत उद्‌घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर जिला कला व सांस्कृतिक पदाधिकारी, खगड़ि‌या घनश्याम कुमार, वरीय अधिवक्ता अशोक नारायण ‘कर्ण’, सिविल इंजीनियर शिव प्रसाद सिंह, संगीताचार्य गणेश पॉल आदि ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर अतिथियों द्वारा चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए संस्थान के बच्चों की काफी तारीफ की। उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनी में लगभग 600 कलाकृतियाँ अवलोकनार्थ प्रदर्शित की गई थीं। चित्र प्रदर्शनी में छवि भारती, सुपेश कुमार, सिया कुमारी, स्वता कुमारी, साम्भवी, प्रमिता, उनक्षिता प्रांजल, अंकित निम्मी, ईशिका, संजना, ऋचा, पूजा आदि की पेंटिंग ने दर्शकों का मनमोह लिया।

मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें अनुष्का आद्‌या, सौम्या, ईशिका एवं आरोही द्वारा गुरु वंदना नृत्य की प्रस्तुति की गई। माला कुमारी द्वारा बिहार गौरव गीत एवं अतिथि कलाकार मंदीप शर्मा एवं गणेश पॉल द्वारा शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति की गई। तबला पर मनोहर राय, सचिदानंद सारनाथ, सुरेन्द्र कुमार ने संगत किया। मौके पर प्रतिभागियों के बीच अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता अशोक नरायण कर्ण ने की, वहीं मंच संचालन अंग्रेजी के शिक्षक जितेंद्र कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन संस्थान के प्राचार्य ऋषि कुमार द्वारा किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र, छात्राएं, अभिवावकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button