अररिया में महिला संवाद कार्यक्रम का सफल समापन 61,500 आकांक्षाएं हुईं दर्ज
अररिया में महिला संवाद कार्यक्रम का सफल समापन 61,500 आकांक्षाएं हुईं दर्ज
जे टी न्यूज, अररिया :
अररिया जिले में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे महिला संवाद कार्यक्रम का बुधवार को भव्य समापन हुआ। यह दो महीने लंबा संवाद कार्यक्रम 18 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था और 18 जून 2025 को संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के तहत जिले में 18 संवाद रथों की सहायता से प्रतिदिन दो पालियों में कुल 36 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस तरह दो महीनों में कुल 2,174 स्थानों पर महिला संवाद का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।इस अभियान में जिले भर से लगभग 4 लाख 7 हजार महिलाओं ने भाग लिया और अपनी कुल 61,500 से अधिक आकांक्षाएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिला प्रशासन और सरकार द्वारा इन आकांक्षाओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल की जा रही है, जिससे कार्यक्रम की प्रासंगिकता और प्रभावशीलता सिद्ध होती है।कार्यक्रम के अंतिम दिन जिले के 10 स्थानों पर महिला संवाद आयोजित किए गए। पूरे आयोजन में महिलाओं की सक्रिय और उत्साही भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों की महिलाएं भी अब अपनी बात रखने में सक्षम और आत्मविश्वास से भरपूर हो रही हैं।प्रत्येक संवाद स्थल पर तीन लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें बिहार सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को दिखाया गया। साथ ही, रंगीन लीफलेट्स और मुख्यमंत्री का संदेश भी महिलाओं के बीच वितरित किया गया, जिसमें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई थी।इस पहल से महिलाओं को न केवल योजनाओं की जानकारी मिली, बल्कि उन्होंने उनमें भाग लेने की भी इच्छाशक्ति दिखाई। महिलाओं में नई जानकारियों और योजनाओं की समझ से जागरूकता और सशक्तिकरण में वृद्धि हुई है।कार्यक्रम ने यह सिद्ध किया है कि राज्य की आधी आबादी यदि जागरूक और सशक्त होती है, तो विकास की गति और समावेशिता दोनों ही सुनिश्चित होती हैं। महिला संवाद कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा है।