प्रधानाध्यापिका मंजू कुमारी ने किया प्रभार ग्रहण
प्रधानाध्यापिका मंजू कुमारी ने किया प्रभार ग्रहण
जेटीन्यूज/मधुबनी
लदनियां प्रखंड के सिधपा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय वोनटोल में प्रधान शिक्षिका मंजू कुमारी ने विधिवत रूप से विद्यालय का संपूर्ण प्रभार ग्रहण किया। उन्हें यह प्रभार पूर्व से प्रभारी एचएम रहे भोगेन्द्र सिंह द्वारा सौंपा गया। ज्ञात हो कि मंजू कुमारी ने बीते 21 जुलाई को ही विद्यालय में योगदान कर लिया था। परंतु आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पंजी से संबंधित प्रक्रियाएं पूरी नहीं हुई थी। उन्हें अद्यतन शैक्षणिक व वित्तीय प्रभार सौंपा गया। विद्यालय में पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई होती है। वर्तमान में यहां प्रधान शिक्षक सहित कुल छह की संख्या में शिक्षक कार्यरत हैं। जिनमें दो पुरुष शिक्षक तथा चार महिला शिक्षिकाएं शामिल हैं। प्रभार ग्रहण करने के उपरांत प्रधान शिक्षिका ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण व संस्कारयुक्त शिक्षा देने की प्रतिबद्धता जताई। कहा कि अधिक- से- अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे शिक्षक-अभिभावक बैठक में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए रचनात्मक सुझाव दें। मौके पर शिक्षक सुनीता कुमारी, ऊषा कुमारी, प्रियंका कुमारी व रवीनाथ प्रसाद उपस्थित थे।

