सासाराम की सड़कों पर ‘नाबालिगों का कब्जा’, बेखौफ रफ्तार से बढ़ रहा हादसों का खतरा

सासाराम की सड़कों पर ‘नाबालिगों का कब्जा’, बेखौफ रफ्तार से बढ़ रहा हादसों का खतरा

जे टी न्यूज,

सासाराम (रोहतास) शहर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति अब गंभीर चिंता का विषय बन गई है। नगर के पोस्ट ऑफिस चौराहा से लेकर लगभग हर इलाके और मुख्य सड़कों पर नाबालिग बेखौफ होकर मोटरसाइकिल, टोटो और अन्य छोटे-बड़े वाहन चलाते नजर आ रहे हैं। इनमें से अधिकांश के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस है और न ही सुरक्षा के आवश्यक साधन, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थिति यह है कि कई नाबालिग मोटरसाइकिल पर ट्रिपल लोडिंग कर सवारियों को ढो रहे हैं। बिना हेलमेट, बिना जूते और बिना किसी प्रशिक्षण के ये किशोर तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं, जिससे न केवल उनकी बल्कि राहगीरों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। शहर के व्यस्त बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भी इस तरह के नजारे आम हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं के पीछे यह एक बड़ा कारण बनता जा रहा है। बावजूद इसके, पुलिस प्रशासन की ओर से अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही है। नियमित जांच अभियान और प्रभावी कार्रवाई के अभाव में नाबालिगों का मनोबल और बढ़ता जा रहा है।

जानकारों के अनुसार, यह समस्या अभिभावकों की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता का संयुक्त परिणाम है। यदि समय रहते इस पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में बड़ी दुर्घटनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि शहर में विशेष अभियान चलाकर नाबालिग चालकों पर पूर्ण रोक लगाई जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों और उनके अभिभावकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़कों पर बढ़ते इस खतरे पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Related Articles

Back to top button