जनगणना ड्यूटी के साथ पढ़ाई भी संभालेंगे शिक्षक, शिक्षा विभाग का बड़ा आदेश जारी

जनगणना ड्यूटी के साथ पढ़ाई भी संभालेंगे शिक्षक, शिक्षा विभाग का बड़ा आदेश जारी

जे टी न्यूज, पटना: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने जनगणना 2027 को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है। अब जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षक अपनी नियमित शिक्षण जिम्मेदारियों के साथ-साथ जनगणना का क्षेत्रीय कार्य भी करेंगे। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र द्वारा सभी जिलाधिकारियों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी पत्र के अनुसार, जनगणना कार्य में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के रूप में लगाए गए शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने और कार्य व्यवस्था को लेकर जिलों में अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे थे, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने एकरूपता लाने के लिए नया आदेश जारी किया है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के बावजूद शिक्षक विद्यालय में अपना अध्यापन कार्य नियमित रूप से जारी रखेंगे। जनगणना से संबंधित फील्ड वर्क विद्यालय अवधि से पहले या विद्यालय समय समाप्त होने के बाद किया जाएगा। यानी अब शिक्षकों को दोहरी जिम्मेदारी निभानी होगी।

पत्र में प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो द्वारा जारी केंद्र सरकार के निर्णय का भी हवाला दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि जनगणना कार्य करने वाले शिक्षक अपनी नियमित ड्यूटी के अतिरिक्त यह जिम्मेदारी निभाएंगे।

हालांकि, शिक्षकों को कुछ राहत भी दी गई है। विभाग ने निर्देश दिया है कि 31 मई 2026 तक शिक्षकों को किसी भी प्रकार के अनिवार्य प्रशिक्षण संबंधी दायित्वों से मुक्त रखा जाएगा, ताकि वे अध्यापन और जनगणना दोनों कार्यों को सुचारु रूप से पूरा कर सकें।

Related Articles

Back to top button