जिले में पेट्रोल पंपों पर तेल व गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें:धनराज चौधरी
जिले में पेट्रोल पंपों पर तेल व गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें:धनराज चौधरी

जे टी न्यूज़, फारबिसगंज/अररिया : खाड़ी देशों में जारी तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच जिले के किसानों एवं आम उपभोक्ताओं के बीच तेल संकट को लेकर आशंका बनी हुई थी। हालांकि इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर डीज़ल, पेट्रोल, मोबिल तथा सीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
जिले भर के इंडियन ऑयल आउटलेट्स पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे खेती-बाड़ी, परिवहन एवं दैनिक कार्यों पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ रहा है। भारत की अग्रणी तेल कंपनी इंडियन ऑयल अपने बेहतर प्रबंधन, दूरदर्शिता एवं सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लगातार आपूर्ति बनाए हुए है।
एनएच-57 फोरलेन स्थित प्रगति फ्यूल सेंटर के मैनेजर धनराज चौधरी ने बताया कि उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार डीज़ल, पेट्रोल एवं मोबिल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान में किसी प्रकार की स्टॉक कमी नहीं है और आपूर्ति नियमित रूप से जारी है।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक घबराहट में ईंधन संग्रह करने से बचें। प्रशासन एवं तेल कंपनियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


