रैकेट की रफ्तार, जीत का जुनून: अररिया SSB में अंतर वाहिनी बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता का आगाज़
रैकेट की रफ्तार, जीत का जुनून: अररिया SSB में अंतर वाहिनी बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता का आगाज़

जे टी न्यूज, अररिया:
52वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) परिसर में सोमवार से दो दिवसीय अंतर वाहिनी बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन द्वितीय कमान अधिकारी श्री अलोक कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा टेबल टेनिस खेलकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री अलोक कुमार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच भी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना और पूर्ण समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
06 से 07 जुलाई 2026 तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 18वीं, 45वीं, 52वीं और 56वीं वाहिनी के बलकार्मिक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान बैडमिंटन और टेबल टेनिस की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन का उद्देश्य बलकार्मिकों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, शारीरिक एवं मानसिक दक्षता को सुदृढ़ करना तथा विभिन्न वाहिनियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करना है।
उद्घाटन समारोह में वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बलकार्मिक उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का समापन 07 जुलाई 2026 को होगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

