लापरवाह कर्मियों पर डीईओ मदन राय का कड़ा प्रहार
औचक निरीक्षण में खुली पोल 24 घंटे में जवाब तलब,एक दिन का वेतन कटा
लापरवाह कर्मियों पर डीईओ मदन राय का कड़ा प्रहार
औचक निरीक्षण में खुली पोल 24 घंटे में जवाब तलब,एक दिन का वेतन कटा

जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास)रोहतास जिले में सरकारी कार्यालयों में समय पालन और कार्य संस्कृति को लेकर अब ढिलाई बरतने वाले कर्मचारियों की खैर नहीं है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि सरकारी दायित्वों के प्रति लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शुक्रवार को उनके औचक निरीक्षण ने पीएम पोषण योजना कार्यालय की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। ज्ञात हो कि शुक्रवार, 10 जुलाई को पूर्वाह्न 10:05 बजे जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय अचानक पीएम पोषण योजना कार्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कार्यालय का नजारा चौंकाने वाला था। कार्यालय में केवल परिचारी किशुन राम ही अपनी ड्यूटी पर मौजूद मिले,जबकि अन्य अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कार्यालय में जिम्मेदार कर्मियों की गैरहाजिरी ने सरकारी व्यवस्था और अनुशासन पर प्रश्नचिह्न लगा दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सभी अनुपस्थित कर्मियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। साथ ही नियमों के तहत सभी अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश भी दिया गया है। डीईओ मदन राय अपने सख्त प्रशासनिक रवैये और अनुशासनप्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में शिक्षा विभाग में समय पालन, जवाबदेही और पारदर्शिता पर लगातार जोर दिया जा रहा है। उनका स्पष्ट संदेश है कि सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के लिए हैं और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों में हड़कंप का माहौल है। कर्मचारियों के बीच यह चर्चा है कि अब बिना सूचना अनुपस्थित रहने या समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है। माना जा रहा है कि डीईओ का यह सख्त कदम सरकारी कार्यालयों में अनुशासन स्थापित करने और कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।


