एसबीआई ऋण दुरुपयोग मामले में जनसुराज नेता गिरफ्तार,
एसबीआई ऋण दुरुपयोग मामले में जनसुराज नेता गिरफ्तार,
19.28 लाख के बिजनेस लोन में धोखाधड़ी का आरोप

जे टी न्यूज, समस्तीपुर:
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की काशीपुर शाखा से व्यवसायिक ऋण लेकर उसके कथित दुरुपयोग और बैंक के साथ धोखाधड़ी के मामले में नगर थाना पुलिस ने जनसुराज से जुड़े आशुतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2022 में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मुसापुर वार्ड-6 निवासी विश्वनाथ ठाकुर के पुत्र आशुतोष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उन्होंने वर्ष 2018 में ओंकार प्रिंटिंग प्रेस के नाम पर एसबीआई की काशीपुर शाखा से 19 लाख 28 हजार 500 रुपये का व्यवसायिक ऋण लिया था। बैंक का आरोप है कि ऋण की राशि का उपयोग स्वीकृत व्यावसायिक उद्देश्य के अनुरूप नहीं किया गया। साथ ही समय पर किस्तों का भुगतान भी नहीं किया गया, जिसके कारण ऋण खाता एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) घोषित हो गया। एसबीआई काशीपुर शाखा के तत्कालीन उप प्रबंधक ने वर्ष 2022 में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बैंक की ओर से कराए गए स्थल निरीक्षण में कथित तौर पर यह सामने आया कि ऋण राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए नहीं किया गया। इसके बाद बैंक ने इसे धोखाधड़ी और ऋण राशि के दुरुपयोग का मामला बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। बैंक के अभिलेखों के अनुसार वर्ष 2018 में स्वीकृत 19,28,500 रुपये के ऋण पर बकाया राशि बढ़कर 20,06,361 रुपये से अधिक हो गई है। लगातार भुगतान नहीं होने के कारण बैंक ने खाते को एनपीए घोषित कर दिया था। नगर थानाध्यक्ष अजित कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पूछताछ की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
