विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस एवं मतदाता साक्षरता जागरूकता रैली का आयोजन
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस एवं मतदाता साक्षरता जागरूकता रैली का आयोजन

जे टी न्यूज़, बिरसिंहपुर/समस्तीपुर : सेंट पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, बिरसिंहपुर (स्वायत्त, नैक द्वारा बी प्लस प्लस ग्रेड से मान्यता प्राप्त) की सह-पाठ्यक्रम समिति के तत्वावधान में विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस एवं मतदाता साक्षरता जागरूकता रैली का संयुक्त रूप से आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण तथा लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
रैली में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश देते हुए लोगों से प्रकृति की रक्षा का आह्वान किया। साथ ही मतदाता जागरूकता संबंधी बैनरों एवं नारों के माध्यम से नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने, निष्पक्ष एवं शत-प्रतिशत मतदान में भाग लेने तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।रैली के दौरान “पेड़ लगाएँ, पर्यावरण बचाएँ”, “प्रकृति हमारी धरोहर है”, “योर वोट, योर वॉइस, ओर फ्यूचर” तथा “बी ए रिस्पांसिबल सिटीजन, मेक योर वोट काउंट” जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाई गई

महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मतदान के प्रति जागरूकता, दोनों ही एक जिम्मेदार नागरिक के महत्वपूर्ण कर्तव्य हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरणीय संवेदनशीलता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, सह-पाठ्यक्रम समिति एवं सभी छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा।


