दिमाग में आइडिया,आंखों में सपने और हुनर में उड़ान युवाओं ने दिखाई बदलाव की ताकत
शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय में गूंजा नवाचार का बिगुल करीब 30 टीमों ने विशेषज्ञों के सामने खोले सफलता के राज
दिमाग में आइडिया,आंखों में सपने और हुनर में उड़ान युवाओं ने दिखाई बदलाव की ताकत
शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय में गूंजा नवाचार का बिगुल
करीब 30 टीमों ने विशेषज्ञों के सामने खोले सफलता के राज

जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास)एन बाबा:जिस समस्या को आम लोग परेशानी समझकर छोड़ देते हैं,उसी समस्या में समाधान और नए अवसर तलाशने का हुनर ही नवाचार की असली पहचान है। इसी सोच को नई उड़ान देने के लिए मंगलवार को शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय,खडारी में स्टार्टअप बिहार आइडिया बूटकैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं के भीतर छिपे नए विचारों को मंच मिला और विशेषज्ञों ने उन्हें व्यावहारिक रूप देने की राह दिखाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक प्राध्यापक ओम प्रकाश,जिला स्टार्टअप प्रकोष्ठ समन्वयक नितीश कुमार दुबे,जिला उद्योग केंद्र के परियोजना प्रबंधक जितेंद्र, मृणाल तथा एचपीई वेंचर्स के सह-संस्थापक अजय सोनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सहायक प्राध्यापक ओम प्रकाश ने विद्यार्थियों से कहा कि अपने आसपास मौजूद समस्याओं को पहचानें और उनके ऐसे समाधान तलाशें,जिन्हें वास्तविक जीवन में लागू किया जा सके। उन्होंने युवाओं को प्रयोग,नवाचार और निरंतर प्रयास के साथ अपने विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। जिला स्टार्टअप प्रकोष्ठ समन्वयक नितीश कुमार दुबे ने कहा कि नया व्यवसाय शुरू करना ही स्टार्टअप नहीं है। असली स्टार्टअप वह है,जो किसी वास्तविक समस्या को पहचानकर उसका उपयोगी और बेहतर समाधान सामने लाए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों को केवल चर्चा तक सीमित न रखने बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का आह्वान किया। जिला उद्योग केंद्र परियोजना प्रबंधक जितेंद्र मृणाल ने युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों तथा सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए विचार के साथ-साथ उस पर लगातार काम करना और असफलताओं से सीखना भी जरूरी है। एचपीई वेंचर्स के सह-संस्थापक अजय सोनी ने अपनी उद्यमिता यात्रा साझा करते हुए विद्यार्थियों को बताया कि किसी विचार को सफल बनाने के लिए समस्या की सही पहचान,लोगों की जरूरतों की समझ,लगातार प्रयास और सही दिशा में काम सबसे अहम है।

*करीब 30 टीमों ने रखा अपना हुनर*
कार्यक्रम के मार्गदर्शक संवाद सत्र में करीब 30 स्टार्टअप टीमों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने विचार,उनके सामने मौजूद चुनौतियां और प्रस्तावित समाधान विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किए।
सोनू हर्ष पवन और आतिफ सहित कई विद्यार्थियों ने अपने विचारों की प्रस्तुति दी। विशेषज्ञों ने उनके विचारों पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए और उन्हें अधिक व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाने के तरीके बताए।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को यह संदेश भी मिला कि सिर्फ आइडिया होना पर्याप्त नहीं है,उस आइडिया को जमीन पर उतारने का जुनून ही उसे सफलता में बदलता है। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद कर उद्यमिता,नवाचार और नए व्यवसाय से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा। शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं को अपने विचारों को पहचानने,उन्हें निखारने और समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने का मंच दिया। कार्यक्रम ने यह संदेश साफ किया कि युवाओं के दिमाग में जन्म लेने वाला एक छोटा-सा विचार भी मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकता है
