मथार गंगा कटाव से तीन पंचायतों पर मंडरा रहा खतरा, बंडाल निर्माण की मांग लेकर सीएम से मिले विधायक बबलू मंडल*
किसानों और आमजनों के हित में सदर विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग-पत्र
मथार गंगा कटाव से तीन पंचायतों पर मंडरा रहा खतरा, बंडाल निर्माण की मांग लेकर सीएम से मिले विधायक बबलू मंडल*
किसानों और आमजनों के हित में सदर विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग-पत्

जे टी न्यूज़, खगड़िया : खगड़िया सदर विधायक एवं जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने शुक्रवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से औपचारिक मुलाकात कर जिले की तीन महत्वपूर्ण जनसमस्याओं के समाधान को लेकर मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने मथार दियारा में गंगा कटाव निरोधक बोल्डर बंडाल निर्माण, नगर सुरक्षा तटबंध सह बायपास सड़क के विस्तारीकरण तथा सोनमनकी के समीप इटावा स्लूइस गेट में जमा गाद की तत्काल सफाई कराने की मांग उठाई।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि गंगा नदी के लगातार कटाव से मथार दियारा की उपजाऊ कृषि भूमि नदी में समाती जा रही है। कटाव अब बरखंडी टोला, जंगली टोला, इंग्लिश टोला एवं मथार गांव के निकट पहुंच चुका है। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर मध्य एवं रहीमपुर उत्तरी पंचायत के कई गांवों के अस्तित्व पर संकट गहरा सकता है। उन्होंने यहां बोल्डर से मजबूत बंडाल निर्माण को अत्यावश्यक बताया।
वहीं, शहर में यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए बूढ़ी गंडक तटबंध पर निर्माणाधीन बायपास सड़क को छठ मंदिर के पीछे से विस्तारित कर गायत्री मंदिर के पास जोड़ने का सुझाव दिया। इससे घनी आबादी और संकरी सड़क से भारी वाहनों के आवागमन का दबाव कम होगा।
विधायक ने सोनमनकी स्थित इटावा स्लूइस गेट में गाद जमने से सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि में जलजमाव और किसानों की खेती प्रभावित होने की समस्या भी प्रमुखता से रखी। उन्होंने तत्काल निरीक्षण, गाद की सफाई और सुचारु जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीनों समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक अग्रेत्तर कार्रवाई के निर्देश दिए तथा तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल करने का आश्वासन दिया।
विधायक ने कहा कि मथार में बंडाल निर्माण किसानों की जमीन और गांवों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन के भविष्य से जुड़ा सवाल है। जनहित और किसान हित के इन मुद्दों को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।


