पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में भीषण आग, 1500 यात्रियों की बची जान; 14 यात्री घायल होने की खबर
पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में भीषण आग, 1500 यात्रियों की बची जान; 14 यात्री घायल होने की खबर
जे टी न्यूज, राजपुरा (पंजाब): पंजाब में शुक्रवार, 6 नवंबर को अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के चार जनरल डिब्बे आग की चपेट में आ गए। डिब्बों से उठती आग की लपटों और धुएं के गुबार को देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन में करीब 1500 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
सराय बंजारा स्टेशन के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12508 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार दोपहर पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के साधुगढ़ स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके कुछ ही देर बाद राजपुरा के नजदीक सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के एक जनरल कोच में आग लग गई।
देखते ही देखते आग आसपास के अन्य डिब्बों तक फैल गई और कुल चार जनरल कोच इसकी चपेट में आ गए। घटनास्थल पर धुएं का घना गुबार उठने लगा।
जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदे यात्री
आग की लपटें देखकर यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी। इस दौरान 14 यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई है। इनमें एक यात्री की पीठ झुलसने की जानकारी भी दी गई है।
ट्रेन में लगभग 1500 यात्री मौजूद थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लोको पायलट और गार्ड की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के दौरान लोको पायलट और गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को रुकवाया। आग की गंभीरता को देखते हुए रेलवे की ओर से ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइनों की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
इसके बाद आग से प्रभावित चारों डिब्बों को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया गया, ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैल सके। रेलवे और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।


