भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के गृह क्षेत्र दरभंगा में 62 किलो चांदी लूटकांड का खुलासा, नगर महामंत्री सहित पांच गिरफ्तार
बंगाल के सर्राफा व्यवसायी को गोली मारकर लूटे गए थे चांदी जैसे धातु के बिस्कुट और नकदी; भाजपा नेता विशाल महासेठ भी गिरफ्तार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के गृह क्षेत्र दरभंगा में 62 किलो चांदी लूटकांड का खुलासा, नगर महामंत्री सहित पांच गिरफ्तार
बंगाल के सर्राफा व्यवसायी को गोली मारकर लूटे गए थे चांदी जैसे धातु के बिस्कुट और नकदी; भाजपा नेता विशाल महासेठ भी गिरफ्तार

जे टी न्यूज,
दरभंगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के गृह क्षेत्र दरभंगा में पश्चिम बंगाल के सर्राफा व्यवसायी से हुई बड़ी लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। एकमी-शोभन बाइपास पर दरभंगा एम्स के मुख्य द्वार के समीप व्यवसायी को गोली मारकर चांदी के बिस्कुट और नकदी से भरा बैग लूट लिया गया था। इस मामले में पुलिस ने भाजपा के दरभंगा नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर कुल 62.040 किलोग्राम चांदी जैसी धातु, 5,94,100 रुपये नकद, दो चारपहिया वाहन और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र में पार्टी के नगर पदाधिकारी की गिरफ्तारी ने इस मामले को राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा में ला दिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी जानकारी में इस लूटकांड में गिरफ्तार आरोपितों की कथित भूमिका का विवरण दिया गया है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, सात नवंबर 2026 की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच शोभन से एकमी जाने वाली सड़क पर एम्स मुख्य द्वार से कुछ दूरी पहले दो शीशम के पेड़ों के पास पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा व्यवसायी के वाहन को रोककर हथियार के बल पर लूटपाट की गई थी। इस दौरान गोली लगने से वाहन चालक कौशिक घायल हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद सिमरी थाना में सनहा संख्या 376/26 दर्ज किया गया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जांच में सामने आया कि लूट की योजना घटना से कुछ दिन पहले रामबाग स्थित निक्की साह के कुशल रेस्टोरेंट में बनाई गई थी। आरोपितों ने कथित तौर पर व्यवसायी के वाहन की रेकी की और सुनसान स्थान पर उसे रोककर लूटपाट करने की योजना तैयार की थी। लूटे गए सामान को रेस्टोरेंट के पास खड़ी गाड़ियों में छिपाने की भी योजना थी।
पुलिस ने कैदराबाद निवासी छोटू कुमार यादव को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी के दौरान ड्रेसिंग टेबल के दराज में काले प्लास्टिक में छिपाकर रखे 5,94,100 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रामबाग स्थित कुशल रेस्टोरेंट के पास छापेमारी की। वहां खड़ी गाड़ियों की तलाशी में एक टाटा टिगोर की डिक्की से आसमानी रंग के बैग में रखे 34 छोटे-बड़े बिस्कुट तथा दूसरी गाड़ी से लाल बैग और सफेद प्लास्टिक के बोरे में रखे 22 बिस्कुट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 62.040 किलोग्राम बताया गया है। बरामद धातु को एफएसएल टीम की मौजूदगी में विधिवत सीलबंद किया गया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने विशाल महासेठ उर्फ विक्की और धीरज सोनी सहित अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपितों में छोटू कुमार यादव, विशाल महासेठ उर्फ विक्की, धीरज सोनी, संतोष कुमार साह और तेजस अभिषेक चन्द्र शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां कृत्रिम रोशनी में तलाशी के दौरान एक खोखा बरामद हुआ, जिस पर 7.65 MM और KF अंकित पाया गया। इसके अलावा एक टाटा टिगोर (निबंधन संख्या BR-07AY-9243A) और एक मारुति स्विफ्ट (निबंधन संख्या BR-07AP-2202, जिसे पुलिस ने कूटरचित निबंधन नंबर बताया है) भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2), 311, 317(3), 336(3), 338, 61(2), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा pl 27 के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, घटना में प्रयुक्त हथियार और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
