551 दीपों की लौ में गूंजा शहीदों का जयघोष शहीद मिहिर कुमार के परिजनों का सम्मान कर करगहर ने पेश की देशभक्ति की मिसाल

551 दीपों की लौ में गूंजा शहीदों का जयघोष
शहीद मिहिर कुमार के परिजनों का सम्मान कर करगहर ने पेश की देशभक्ति की मिसाल

जे टी न्यूज़, करगहर(रोहतास)एन बाबा : देश की सरहदों की रक्षा करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों की शहादत को नमन करने के लिए करगहर की धरती एक बार फिर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो उठी। दीपावली के अगले दिन सोमवार की संध्या वीर भगत सिंह क्लब एवं श्री महालक्ष्मी पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में लगातार 11वें वर्ष आयोजित ‘एक दिया शहीदों के नाम’ सह शहीद परिवार सम्मान समारोह ने देशभक्ति,त्याग और बलिदान की ऐसी अलख जगाई कि पूरा समारोह स्थल 551 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। यह सिर्फ दीप प्रज्वलन का आयोजन नहीं था,बल्कि उन वीर जवानों के प्रति कृतज्ञ राष्ट्र की भावनाओं का प्रतीक था, जिन्होंने देश की आन,बान और शान की रक्षा के लिए अपनी जिंदगी कुर्बान कर दी। समारोह का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी 2 सासाराम संजीव कुमार,प्रखंड विकास पदाधिकारी करगहर अजीत कुमार एवं करगहर थानाध्यक्ष रामचंद्र चौपाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित के साथ किया। इसके बाद आम नागरिकों एवं पूजा समिति के सदस्यों ने 551 दीप जलाकर देश के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दीपों की कतारों के बीच राष्ट्रप्रेम की भावना और शहीदों के सम्मान का संकल्प हर चेहरे पर दिखाई दे रहा था। आयोजन ने एक बार फिर संदेश दिया कि देश की रक्षा में शहीद होने वाले जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
समारोह का सबसे भावुक,गौरवपूर्ण और यादगार पल तब आया,जब वर्ष 2021 में श्रीनगर में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर जवान मिहिर कुमार के परिजनों,उनके पुत्र एवं भाई को सम्मानित किया गया।*मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार ने शहीद परिवार को अंगवस्त्र,मोमेंटो एवं पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने खड़े होकर शहीद के अदम्य साहस,वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। शहीद के परिवार के प्रति लोगों की संवेदना और सम्मान ने समारोह को भावनात्मक ऊंचाई प्रदान की। संदेश स्पष्ट था कि शहीद भले ही हमारे बीच नहीं हों,लेकिन उनका त्याग और उनका परिवार पूरे समाज की अमूल्य धरोहर है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महालक्ष्मी पूजा समिति के वरिष्ठ संरक्षक एवं महागठबंधन समर्थित करगहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी महेंद्र प्रसाद गुप्ता ने की,जबकि मंच संचालन समाजसेवी एवं रोहतास जिला के प्रखर वक्ता दीपक रंजन वर्मा ने किया। समारोह में करगहर कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष धनंजय पांडेय उर्फ टाइगर बाबा ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों में जोश और राष्ट्रप्रेम का संचार कर दिया। उनकी गीतों की प्रस्तुति ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर करगहर थाना के सहायक थानाध्यक्ष संजीव कुमार,कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुशील मिश्रा,पूर्व शिक्षक राम प्रवेश दुबे,पूजा समिति के वरिष्ठ संरक्षक फेकू सेठ जगनारायण प्रसाद गुप्ता,राजद नेता जयगोपाल यादव,आरएलएम नेता सरोज कुशवाहा, मुहर्रम कमिटी के खलीफा सनौवर राईन, करगहर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि लालबाबू कुमार,सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति,पत्रकारगण एवं समाजसेवी मौजूद रहें। आयोजक वीर भगत सिंह क्लब एवं मां लक्ष्मी पूजा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से दीपावली के अगले दिन क्लब एवं पूजा समिति के सदस्यों द्वारा लगातार ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य देश की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को याद करना,उनके परिवारों को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और शहीदों के प्रति आदर की भावना जागृत करना है। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान किसी एक परिवार की निजी क्षति नहीं,बल्कि पूरे देश की धरोहर है। उनके परिवारों का सम्मान करना समाज का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।

समारोह में पूजा समिति के संरक्षक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता,गोपाल प्रसाद गुप्ता डॉ.सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं सत्यनारायण प्रसाद गुप्ता सहित अन्य संरक्षकगण उपस्थित रहें। वहीं समिति के पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष धर्मवीर सोनी कोषाध्यक्ष दिलीप सोनी,मंत्री उमेश कुमार गुप्ता, उपमंत्री श्रीराम गुप्ता सहित अभिनंदन गुप्ता,गोपाल प्रसाद गुप्ता,चंदन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता,पंकज गुप्ता,राजा बाबू, प्रेम सोनी,संतोष सेठ,मनोज सेठ,राजीव सेठ, लालू गुप्ता,धर्मेंद्र गुप्ता,चिंटू गुप्ता,सरोज सेठ,चंदन सेठ खैरावाले,कृष्णा गुप्ता एवं रामजान अंसारी सहित समिति के सभी सदस्य मौजूद रहें। समारोह के अंत में अध्यक्ष इंद्रजीत कुमार गुप्ता ने आगामी आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि 10 नवंबर को बनारस के मशहूर ब्लू बाबा इवेंट के तहत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 11 नवंबर को दिन के 11 बजे से विशाल महाप्रसाद एवं लंगर का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत मां लक्ष्मी की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से दोनों आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। करगहर में 551 दीपों से सजा यह आयोजन एक बार फिर साबित कर गया कि शहीदों की शहादत केवल इतिहास के पन्नों में दर्ज करने की चीज नहीं,बल्कि हर पीढ़ी के दिल में जीवित रखने का संकल्प है। जब तक ऐसे आयोजन होते रहेंगे,देश के वीर सपूतों की कुर्बानी और उनके परिवारों का सम्मान समाज की चेतना में रोशनी बनकर जलता रहेगा।

Related Articles

Back to top button