किसान सभा के 36वें राष्ट्रीय सम्मेलन में नलगोंडा लालमय
शहीद बिरसा मुंडा की जयंती पर शुरू हुआ सम्मेलन, लाखों किसानों की जुटान; एमएसपी की कानूनी गारंटी और किसानों की कर्जमाफी की उठी मांग
किसान सभा के 36वें राष्ट्रीय सम्मेलन में नलगोंडा लालमय
शहीद बिरसा मुंडा की जयंती पर शुरू हुआ सम्मेलन, लाखों किसानों की जुटान; एमएसपी की कानूनी गारंटी और किसानों की कर्जमाफी की उठी मांग

जे टी न्यूज,
नलगोंडा (तेलंगाना)। अखिल भारतीय किसान सभा का 36वां राष्ट्रीय सम्मेलन शनिवार को महान आदिवासी जननायक शहीद बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर तेलंगाना के नलगोंडा में शुरू हुआ। ऐतिहासिक सशस्त्र किसान संघर्ष की धरती नलगोंडा सम्मेलन के दौरान लाल झंडों और किसानों के विशाल जनसमूह से सराबोर नजर आया। सम्मेलन स्थल पर लाखों की संख्या में किसानों और मजदूरों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
नलगोंडा की धरती पर आयोजित इस सम्मेलन ने तेलंगाना के सशस्त्र किसान संघर्ष और शहादत की ऐतिहासिक स्मृतियों को एक बार फिर जीवंत कर दिया। सम्मेलन स्थल से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित विशाल ग्लोब आकर्षण का केंद्र बना रहा। आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे किसान और मजदूर अपने पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों में अपनी सभ्यता और संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रहे थे। सभा स्थल के सामने फोरलेन सड़क पर लगभग दो किलोमीटर तक लाउडस्पीकर लगाए गए थे, ताकि सड़क पर मौजूद लोग भी नेताओं के विचारों और संबोधन को सुन सकें।
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की पूर्व महासचिव एवं वरिष्ठ महिला नेत्री बृंदा करात ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए उसे किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि देश में जमीन का असमान वितरण गंभीर समस्या है। उनके अनुसार, देश के 30 प्रतिशत लोगों के पास 76 प्रतिशत जमीन है। उन्होंने महिलाओं के नाम पर जमीन का पंजीकरण सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव बीजू कृष्णन ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की जमीन कॉरपोरेट घरानों को सौंपना चाहती है, लेकिन किसान सभा ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि संगठन किसानों और भूमिहीनों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगा तथा गरीबों और भूमिहीनों को जमीन दिलाने की लड़ाई लड़ेगा।
किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक ढावले ने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, कृषि ऋण से मुक्ति और किसानों की आत्महत्या रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की नीतियों में बदलाव के बिना संभव नहीं है। सभा को सांसद अमराराम, हन्नान मौला और राष्ट्रीय वित्त सचिव पी. कृष्णा प्रसाद सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता का. सागर ने की।

बिहार से 36 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी
इस ऐतिहासिक सम्मेलन में बिहार से 36 सदस्यीय प्रतिनिधि एवं दर्शक मंडल शामिल हुआ है। इसके अलावा का. अवधेश कुमार, विनोद कुमार, राजेंद्र प्रसाद सिंह तथा प्रभुराज नारायण राव केंद्रीय किसान कमेटी के सदस्य के रूप में सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।
बिहार किसान सभा के अध्यक्ष अजय कुमार, श्याम भारती, वित्त सचिव मनोज चंद्रवंशी, राजमंगल प्रसाद, संजय कुमार, मनोज सुनील, रणधीर यादव, मनोज यादव, सत्तार अंसारी, दयानिधि चौधरी, रामा यादव, हरेंद्र प्रसाद, सत्यनारायण सिंह, उपेंद्र प्रसाद, सुरेश सिंह, हरेराम चौधरी, श्याम किशोर कमल, मिथिलेश सिंह, कृष्णलाल यादव, प्रियंका कुमारी, विनय सिंह, अशोक यादव, बिपिन सिंह, अजय वर्मा, सत्यनारायण यादव, देवेंद्र यादव, अशोक पाठक, राजेश कुमार, रामसागर पासवान एवं उपेंद्र यादव सहित बिहार के अनेक किसान नेता और प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल हुए।

