छठ घाटों की तैयारियों का डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश मथुरापुर और प्रधान घाट सहित प्रमुख घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण,

खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर जोर

छठ घाटों की तैयारियों का डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
मथुरापुर और प्रधान घाट सहित प्रमुख घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण,
खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर जोर

जे टी न्यूज, समस्तीपुर : छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने शनिवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मथुरापुर घाट, प्रधान घाट सहित अन्य महत्वपूर्ण घाटों पर पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, स्थिति, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, सुगम पहुंच पथ तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी घाटों का समुचित आकलन करने तथा खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने, घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

दोनों वरीय पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें। प्रशासन की प्राथमिकता पर्व के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखना है।

Related Articles

Back to top button