सिकटी में विकास की गूंज: नूना नदी पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल का हुआ शिलान्यास  

सिकटी में विकास की गूंज: नूना नदी पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल का हुआ शिलान्यास

 

जे टी न्यूज, पलासी:

 

सिकटी विधानसभा क्षेत्र के पलासी प्रखंड अंतर्गत पंचायत पिपरा बिजवार में सोमवार को नूना नदी पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल का शिलान्यास आपदा प्रबंधन मंत्री सह सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल ने किया।

 

मंत्री मंडल ने इस मौके को “ऐतिहासिक दिन” करार देते हुए कहा कि यह पुल केवल एक आवागमन का साधन नहीं होगा, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा साबित होगा। उन्होंने कहा कि पुल बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के लिए नए दरवाजे खुलेंगे और विकास की गति दोगुनी होगी।

 

मंत्री मंडल ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष आभार व्यक्त किया और कहा, “वर्षों से क्षेत्र की जनता की जो मांग थी, आज वह पूरी हो रही है। मुख्यमंत्री ने जिस दृष्टिकोण के साथ सीमांचल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का बीड़ा उठाया है, यह पुल उसी संकल्प का साकार रूप है।”

 

कार्यक्रम में अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार का संकल्प है कि सिकटी समेत संपूर्ण सीमांचल क्षेत्र को विकास के नए पथ पर ले जाया जाए और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में इसे अग्रणी भूमिका दी जाए।

 

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम लोगों की मौजूदगी ने इस शिलान्यास कार्यक्रम को उत्सव का रूप दे दिया। पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह परियोजना उनके जीवन में समृद्धि और सुगमता लेकर आएगी।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button