विवाह के बाद पौधारोपण कर नवदंपति ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विवाह के बाद पौधारोपण कर नवदंपति ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जे टी न्यूज, समस्तीपुर :जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड अंतर्गत बोचहा पंचायत में एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां विवाह उपरांत पौधारोपण कार्यक्रम का विधिवत आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रेमी सुजीत कुमार भगत ने किया। शुक्रवार को आयोजित विदाई समारोह के दौरान नवदंपति ने पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए आम का फलदार पौधा रोपण किया। बोचहा पंचायत निवासी संजीत राय की पुत्री स्वीटी का विवाह बेगूसराय जिले के राजापुर निवासी, बीएमपी में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर हरिनंदन यादव के मैकेनिकल इंजीनियर पुत्र के साथ गुरुवार को सम्पन्न हुआ था। विवाह के बाद आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में दूल्हा बिट्टू और दुल्हन स्वीटी ने पौधा लगाकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।नवदंपति ने इस अवसर पर यह भी संकल्प लिया कि वे अपने जीवन के हर मांगलिक कार्य में पौधारोपण को बढ़ावा देंगे और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम के प्रेरक सुजीत कुमार भगत ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर शुभ अवसर पर पौधारोपण करें, ताकि ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्या से निपटा जा सके।इस मौके पर मोहिउद्दीननगर प्रखंड प्रमुख जवाहर लाल राय, मुस्कान सेवा सदन के संस्थापक डॉ. सुनील राय, पूर्व विधायक प्रत्याशी राज कपूर सिंह, प्रोफेसर ईश्वर चंद्र झा, पूर्व मुखिया प्रभात रंजन यादव, सतेंद्र राय शिक्षाविद उमेर अहमद, संतोष कुमार पासवान, महाराणा प्रताप राय, यशवंत राय, दिनेश राय, रंजीत राय, रविंद्र राय, मुकेश राय समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।यह पहल न सिर्फ एक नई परंपरा की शुरुआत है, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी है।

