भव्य सम्मान समारोह में नवचयनित एसडीएम निशांत कुमार एवं डीएसपी बिट्टू कुमार का हुआ अभिनंदन

भव्य सम्मान समारोह में नवचयनित एसडीएम निशांत कुमार एवं डीएसपी बिट्टू कुमार का हुआ अभिनंदन

जे टी न्यूज, खगड़िया:
मध्य विद्यालय रामगंज संसारपुर के प्रांगण में मंगलवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जहां हाल ही में बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर एसडीएम बने गौड़ा शक्ति निवासी ललन पासवान के पुत्र निशांत कुमार तथा डीएसपी बने पकरैल पटेल नगर निवासी वालेश्वर प्रसाद सिंह के पुत्र बिट्टू कुमार को विद्यालय परिवार एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र, पुष्पमाला, डायरी, कलम, बुके तथा भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक बैजू राम ने की, जबकि मंच संचालन सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक बालकिशोर पासवान ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष कुमार भानु प्रताप उर्फ गुड्डू पासवान ने दोनों नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, धैर्य और कठोर परिश्रम सफलता की कुंजी हैं। निशांत और बिट्टू ने इन मूल्यों को अपनाकर न केवल अपनी मंजिल प्राप्त की, बल्कि खगड़िया जिले का गौरव भी बढ़ाया है।
जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि जिले के इन दोनों प्रतिभाशाली सपूतों ने अनुशासन, संघर्ष, समर्पण और अथक परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने दोनों अधिकारियों को पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषण एवं पूर्व शिक्षा विभाग प्रधान सचिव के.के. पाठक की तरह निष्पक्ष, ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ प्रशासनिक सेवा देने की प्रेरणा दी।
अपने संबोधन में निशांत कुमार एवं बिट्टू कुमार ने कहा कि वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक विरेंद्र कुमार सिंह, कांग्रेस जिला प्रवक्ता अरुण कुमार अधिवक्ता, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अरुण कुमार राय, जदयू तकनीकी एवं श्रम प्रकोष्ठ के नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र कुमार यादव, पूर्व मुखिया मनोज कुमार, सुरेश प्रसाद सिंह, नवल सिंह, वविता कुमारी, शीला कुमारी, प्रो. डॉ. सकीला कुमारी, भानु कुमार, श्रवण पासवान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button