सांसद पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से की मुलाकात

कोसी-सीमांचल क्षेत्र के वर्षों पुरानी रेल संबंधी मांगों को विस्तारपूर्वक रखा

सांसद पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से की मुलाकात
कोसी-सीमांचल क्षेत्र के वर्षों पुरानी रेल संबंधी मांगों को विस्तारपूर्वक रखा


जे टी न्यूज़, नई दिल्ली : नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से सांसद पप्पू यादव ने मुलाकात कर कोसी-सीमांचल क्षेत्र के करोड़ों लोगों की वर्षों पुरानी रेल संबंधी मांगों को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय का आग्रह किया। पप्पू यादव ने सहरसा–पूर्णिया कोर्ट–पूर्णिया–कटिहार होते हुए कोलकाता तक नई एक्सप्रेस रेल सेवा एवं वंदे भारत ट्रेन प्रारंभ करने की मांग रखी। कोलकाता पूर्वी भारत का प्रमुख व्यापारिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य केंद्र है। प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग इस मार्ग से यात्रा करते हैं, लेकिन वर्तमान रेल सेवाएं उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं हैं। नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ मक्का, मखाना, जूट, फल एवं अन्य कृषि उत्पादों के व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

इसके साथ ही जानकीनगर रेलवे स्टेशन पर जनहित एक्सप्रेस (13205/13206), कोसी एक्सप्रेस (18625/18626) सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की। आज लाखों यात्रियों को इन ट्रेनों का लाभ लेने के लिए दूसरे स्टेशनों तक जाना पड़ता है। साथ ही जानकीनगर स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर आधुनिक स्टेशन भवन, बेहतर प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन सुविधाएं, पार्किंग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास का भी आग्रह किया। इस दौरान वहां कार्यरत अन्य लोगों से भी आत्मीय मुलाकात हुई।

इससे पहले हमने पटना से सहरसा–मधेपुरा होते हुए पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन नई ट्रेन चलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। वर्तमान में शाम के बाद इस मार्ग पर कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है, जिससे हजारों यात्रियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह ट्रेन विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और आम यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी

इसके अतिरिक्त पूर्णिया कोर्ट एवं पूर्णिया जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना में औपचारिक रूप से शामिल कर शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति एवं टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ करने का अनुरोध किया। दोनों स्टेशन सीमांचल के सबसे महत्वपूर्ण रेल केंद्र हैं और इनका आधुनिक पुनर्विकास समय की आवश्यकता है।

मैंने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर लगभग ₹73.30 करोड़ की लागत से प्रस्तावित वाशिंग पिट एवं कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया। वाशिंग पिट बनने के बाद पूर्णिया कोर्ट से नई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन संभव होगा, जिससे सीमांचल के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। मुझे विश्वास है कि रेलवे बोर्ड इन जनभावनाओं से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर कोसी-सीमांचल क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएगा।

मेरा संकल्प है कि पूर्णिया, कोसी और सीमांचल के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और जनता की सुविधाओं के लिए संसद से लेकर मंत्रालय तक लगातार आवाज उठाता रहूंगा। आपका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।

Related Articles

Back to top button