मनरेगा कानून को बहाल करना होगा
मनरेगा कानून को बहाल करना होगा

जे टी न्यूज़, नौतन : बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन द्वारा आज पश्चिम चंपारण के नौतन अंचल पर एक विशाल प्रदर्शन किया गया ।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के जिला सचिव प्रभुनाथ गुप्ता ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार मजदूरों के अधिकारों को छीन रही है।मनरेगा के बदले वी बी ग्रामजी कानून लागू कर खेत मजदूरों को काम से वंचित करना चाहती है।किसानों की जमीनों को छीन कर कारपोरेट को देने की योजना बनाई जा चुकी है।बिजली विधेयक 2025 तथा स्मार्ट मीटर द्वारा गरीबों को लूटा जा रहा है।
किसान सभा के राज्य नेता चांदसी प्रसाद यादव ने बताया कि बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार के पास मजदूरों के लिए कोई योजना नहीं है।परीक्षा पेपर लीक पर रोक लगाने तथा रोजगार मांगने पर नौजवानों पर बर्बरता पूर्वक लाठियां बरसाई जा रही है।रोजगार नहीं होने से भारी संख्या में नौजवानों का पलायन हो रहा है।
बिहार राज्य किसान सभा के जिला सचिव प्रकाश कुमार वर्मा ने कहा कि चीनी का दाम चीनी मिल मालिकों तथा मोदी सरकार के सांठ गांठ से बढ़ा कर आम जनता को लूटा जा रहा है।प्याज, खाने के तेल आदि के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है।उन्होंने महंगाई पर रोक लगाने तथा गन्ना का दाम 650 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग की।
सभा को बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष म. हनीफ,सीटू जिला अध्यक्ष नीरज बरनवाल,सचिव शंकर कुमार राव,किसान सभा के जिला अध्यक्ष रामा यादव,अवध बिहारी प्रसाद,नौतन प्रखण्ड अध्यक्ष लालबाबू यादव,सचिव प्रेम प्रसाद,अशर्फी चौधरी, म . मनीर आदि ने संबोधित किया।सभा की अध्यक्षता अशर्फी प्रसाद ने की।


