डिग्री कॉलेज के लिए कृषि विभाग द्वारा भूमि हस्तांतरण में विलंब पर सांसद प्रतिनिधि ने जताई चिंता
डिग्री कॉलेज के लिए कृषि विभाग द्वारा भूमि हस्तांतरण में विलंब पर सांसद प्रतिनिधि ने जताई चिंता

जे टी न्यूज,मधुबनी
सांसद प्रतिनिधि ने की प्रधान सचिव को पत्र लिखकर भूमि के अतिशीघ्र हस्तानांतरण की मांग
कृषि फार्म की 05 एकड़ भूमि महाविद्यालय के लिए हस्तांतरित
राजकीय डिग्री महाविद्यालय बिस्फी के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण में कृषि विभाग द्वारा हो रहे विलंब पर राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि सह डिग्री कॉलेज बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक विष्णुदेव सिंह यादव ने गहरा दुःख एवं चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी आनंद शर्मा की सकारात्मक पहल के बाद बिस्फी प्रखंड के नाहस खंगरैठा कृषि फार्म की 05 एकड़ भूमि महाविद्यालय के लिए हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। जिलाधिकारी ने इस संबंध में पत्रांक-2238, दिनांक 07 अगस्त 2026 के माध्यम से प्रधान सचिव, कृषि विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा था। लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होना निराशाजनक है।
श्री यादव ने प्रधान सचिव कृषि विभाग को पत्र लिखकर 05 एकड़ भूमि का अविलंब हस्तांतरण करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज की स्थापना से बिस्फी क्षेत्र के ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा, इसलिए भूमि हस्तांतरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कृषि विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की, ताकि महाविद्यालय के निर्माण की आगे की प्रक्रिया शुरू हो सके।
वहीं राज्यसभा सांसद डॉ. फैयाज अहमद ने कहा कि इस मामले को लेकर वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री से मुलाकात करेंगे।



