इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में तन्वी ने भरतनाट्यम् से मोहा मन, एकल प्रस्तुति को मिली खूब सराहना

इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में तन्वी ने भरतनाट्यम् से मोहा मन, एकल प्रस्तुति को मिली खूब सराहना

नई दिल्ली। इंडिया इंटरनेशनल सेंटर सभागार में स्व. श्री रविशंकर एवं रेखा जी की सुपुत्री कुमारी तन्वी के भरतनाट्यम् नृत्य की एकल प्रस्तुति आयोजित की गई। शास्त्रीय नृत्य की भाव-भंगिमाओं, लय और ताल के शानदार समन्वय से तन्वी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के बाद उपस्थित अतिथियों एवं कला-प्रेमियों ने उनकी प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी दुर्गा प्रसाद सिंह ने निभाई। समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद राकेश कुमार सिन्हा, अरुणाचल प्रदेश एवं गोवा के पूर्व पुलिस महानिदेशक तथा प्रयास संस्था के संस्थापक आमोद कुमार कंठ, रक्षा मंत्रालय के पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं अतिरिक्त महानियंत्रक सवितुर प्रसाद तथा केंद्र सरकार के नामित अधिवक्ता और नाडा की उपाध्यक्ष गीतांजलि शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

तन्वी की प्रस्तुति में भरतनाट्यम् की शास्त्रीय परंपरा के साथ उनकी साधना और मंचीय आत्मविश्वास की झलक देखने को मिली। इस दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में तन्वी की गुरु प्रिया श्रीनिवासन के मार्गदर्शन की भी सराहना की गई।

इस अवसर पर आमोद कुमार कंठ ने तन्वी की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए आगामी 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भी उन्हें प्रस्तुति का अवसर देने का आश्वासन दिया। उन्होंने तन्वी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर साधना और समर्पण के बल पर वह शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बना सकती हैं।

Related Articles

Back to top button