अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, भूमि विवादों का त्वरित निपटारा तथा नीलाम वादों के निष्पादन में तेजी लाना था।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार जी ने सभी थानाध्यक्षों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूमि विवाद के मामलों में त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करें तथा नीलाम वादों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था की स्थिति की नियमित समीक्षा करें तथा लंबित मामलों की सूची बनाकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाएँ। साथ ही, भूमि विवादों में आपसी सामंजस्य और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए शीघ्र समाधान निकालें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने यह भी कहा कि नीलाम वादों के निष्पादन में पारदर्शिता और गति लाना नोटिस तामिला करना आवश्यक है, जिससे आम जनता को राहत मिले और राजस्व वसूली में भी वृद्धि हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह दी।
बैठक में सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और प्रगति की जानकारी दी तथा दिशा-निर्देशों का शीघ्र पालन करने का आश्वासन दिया।



