NH-19 पर फर्जी पुलिस का‘वसूली गैंग’ बेनकाब पांच गिरफ्तार
शिवसागर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मचा हड़कंप वर्दी और हथियार बरामद होने का दावा
NH-19 पर फर्जी पुलिस का‘वसूली गैंग’ बेनकाब पांच गिरफ्तार
शिवसागर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मचा हड़कंप वर्दी और हथियार बरामद होने का दावा

जे टी न्यूज, सासाराम/शिवसागर (रोहतास)एन बाबा:
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर कथित रूप से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का शिवसागर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। फर्जी पुलिसकर्मी बनकर सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को रोककर कथित तौर पर वसूली करने की सूचना पर शिवसागर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि आरोपी चारपहिया वाहन से NH-19 पर घूम रहे थे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर राहगीरों एवं वाहन चालकों पर रौब गांठते हुए कथित रूप से अवैध वसूली कर रहे थे। इस दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को घेर लिया और पांचों को दबोच लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद कथित फर्जी पुलिसकर्मियों का पूरा खेल कुछ ही देर में धराशायी हो गया। तलाशी के दौरान पुलिस की वर्दी और हथियार बरामद होने की बात सामने आई है। बरामद सामान और आरोपियों की गतिविधियों को लेकर पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
*वर्दी का रौब, हथियार का डर और सड़क पर वसूली का खेल*
पुलिस के अनुसार,मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और क्या इसके तार पहले से ऐसी घटनाओं से जुड़े हुए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने पुलिस की वर्दी और हथियार का इस्तेमाल किन-किन स्थानों पर और किस उद्देश्य से किया।
NH-19 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस की पहचान का कथित दुरुपयोग कर आम लोगों से वसूली की कोशिश को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। थानाध्यक्ष रितेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया,जिससे कथित वसूली का खेल आगे बढ़ने से पहले ही रुक गया। फिलहाल शिवसागर पुलिस गिरफ्तार पांचों आरोपियों से पूछताछ कर रही है

मामले में बरामद सामान, हथियार,वाहन तथा आरोपियों की भूमिका की जांच के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

