मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अररिया में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अररिया में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

जे टी न्यूज, ​अररिया: अररिया जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध उग्र विरोध मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष मोहम्मद मासूम रेजा के नेतृत्व और जिला प्रभारी रंजन यादव की उपस्थिति में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों महिला व पुरुष कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
​विरोध मार्च नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम से शुरू होकर चांदनी चौक तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ता सदर थाना होते हुए समाहरणालय पहुंचे। समाहरणालय के मुख्य द्वार पर प्रशासन द्वारा ताला लगाए जाने के बाद कार्यकर्ताओं के कड़े विरोध पर गेट खोला गया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने परिसर में प्रवेश कर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखीं।
​तत्पश्चात जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) एवं पुलिस उपाधीक्षक (DSP) को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, मतदाता सूची एवं एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, हटाए गए नामों की समीक्षा तथा चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।


​मौके पर जिला नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। अंत में जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाने के लिए सभी वरिष्ठ नेताओं, प्रखंड व पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button