ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर, छह लोग घायल तीन की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर, छह लोग घायल
तीन की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

जे टी न्यूज, मुरलीगंज, मधेपुरा:
मुरलीगंज थाना अंतर्गत
मुरलीगंज–बिहारीगंज एसएच-91 मुख्य मार्ग पर रजनी प्रसादी चौक के समीप रविवार को ट्रक और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में कार सवार छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकालकर मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान सुपौल जिला के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तीनटोलिया वार्ड 14 निवासी रमेश चौधरी (40), आदित्य कुमार (10) और सत्यम कुमार (13) के रूप में हुई है, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। वहीं उज्जवल कुमार (9), रामविलास मेहता (34) और शंभू चौधरी (35) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बताया गया कि सभी लोग एक आल्टो कार से भागलपुर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रजनी प्रसादी चौक के पास सामने से आ रहे ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि ट्रक और कार की टक्कर में कार चालक समेत छह लोग घायल हुए हैं। तीन लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पीड़ित परिवार द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



