बिहार राज्य में उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन हेतु विशिष्ट सम्मान से अनुमंडल पदाधिकारी सदर दिलीप कुमार हुए सम्मानित
बिहार राज्य में उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन हेतु विशिष्ट सम्मान से अनुमंडल पदाधिकारी सदर दिलीप कुमार हुए सम्मानित

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: राष्ट्रीय मतदाता दिवस के पावन अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर, समस्तीपुर श्री दिलीप कुमार को बिहार राज्य में उनके उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन हेतु विशिष्ट सम्मान प्राप्त हुआ। श्री कुमार को 131 कल्याणपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया से लेकर मतदान, निर्वाचन व्यवस्था एवं समयबद्ध रूप से चुनाव परिणाम घोषित करने में किए गए उत्कृष्ट, पारदर्शी एवं अनुकरणीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
श्री दिलीप कुमार बिहार राज्य के एकमात्र अधिकारी हैं, जिन्हें एक ही निर्वाचन में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं निर्वाची पदाधिकारी (RO) — दोनों श्रेणियों में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें राजधानी पटना में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत एवं आयुक्त, पटना प्रमंडल श्री अनिमेष पराशर के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि 131 कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में श्री कुमार के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता, सुव्यवस्थित फोर्स डिप्लॉयमेंट, निष्पक्ष मतदान तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया, जिससे क्षेत्र में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
यह सम्मान न केवल अनुमंडल प्रशासन बल्कि समस्तीपुर जिला के लिए भी अत्यंत गौरव का विषय है। यह उपलब्धि प्रशासनिक दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।


