उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में शिवसागर प्रखंड कार्यालय का विस्तृत किया गया निरीक्षण
उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में शिवसागर प्रखंड कार्यालय का विस्तृत किया गया निरीक्षण
जे टी न्यूज, करगहर(रोहतास): जिला अंतर्गत सासाराम मे 18.02.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में वरीय अधिकारियों की टीम द्वारा शिवसागर प्रखंड कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तर पर संचालित प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना। जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों द्वारा प्रखंड कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण करते हुए कार्यालय व्यवस्था,अभिलेखों के संधारण, लंबित आवेदनों की स्थिति एवं नागरिक सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी विभागीय कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निष्पादित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में उपस्थित स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। संबंधित पदाधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड-स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।जिसमें शिवसागर प्रखंड एवं अंचल से जुड़े विकासात्मक एवं प्रशासनिक कार्यों की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों द्वारा प्रखंड कार्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय एवं सामाजिक स्टालों का भी भ्रमण किया गया। उप विकास आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता,तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। ताकि रोहतास जिले में सुशासन एवं प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके। मौके पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम,जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहें।



