नाथपुर में डिंडा करम महोत्सव धूमधाम से संपन्न: विधायक देवंती यादव ने की शिरकत
नाथपुर में डिंडा करम महोत्सव धूमधाम से संपन्न: विधायक देवंती यादव ने की शिरकत
आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा और प्रकृति के प्रति अटूट जुड़ाव की दिखी सुंदर झलक
जे टी न्यूज, नरपतगंज: नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के नाथपुर (वार्ड संख्या-02) में आदिवासी समाज का पारंपरिक पर्व ‘डिंडा करम महोत्सव’ अपार उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक देवंती यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की समृद्धि की कामना की।
महोत्सव के दौरान पारंपरिक पूजा-अनुष्ठान, प्रकृति की आराधना, मनमोहक लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं तथा प्रकृति के प्रति उनके अटूट जुड़ाव की मनोरम झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक देवंती यादव ने कहा, “डिंडा करम महोत्सव सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति सम्मान का अनूठा प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक पर्व हमारी लोकसंस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि यह पर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आदिवासी समाज की विशिष्ट संस्कृति एवं परंपराएं हमारी साझा सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य हिस्सा हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के भाई-बहन, बुजुर्ग, युवा एवं स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे। पूरा माहौल पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और लोकगीतों की गूंज से भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण बना रहा।


