राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर संत पॉल कॉलेज में साइंस एग्जीबिशन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर बल

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर संत पॉल कॉलेज में साइंस एग्जीबिशन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर बल


जे टी न्यूज़, बिरसिंहपुर/समस्तीपुर : संत पॉल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, बिरसिंहपुर में 28 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर साइंस एग्जीबिशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु-शिक्षकों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं शोध भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पी.पी.एन. सिंह ऑडिटोरियम में दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में आर.एन.ए.आर. कॉलेज, समस्तीपुर के पूर्व प्राचार्य डॉ. भोला चौरसिया उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। युवाओं को तर्कशीलता, जिज्ञासा और प्रयोगधर्मिता अपनानी चाहिए। इस अवसर पर बी.एड. प्रशिक्षुओं शालिनी प्रिया, आशीष कुमार, बाबुल कुमार एवं बिरजू ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने विज्ञान को जीवन की समस्याओं के समाधान का माध्यम बताते हुए पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास और वैज्ञानिक सोच पर जोर दिया। साइंस एग्जीबिशन में प्रशिक्षुओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण, अक्षय ऊर्जा, जल संरक्षण एवं विज्ञान के दैनिक जीवन में उपयोग से संबंधित विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए गए। अतिथियों एवं प्राध्यापकों ने मॉडलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों की सराहना की।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रोली द्विवेदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि “विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में व्याप्त है। एक शिक्षक के रूप में प्रशिक्षुओं का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों में प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति, तार्किक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करें।” उन्होंने विज्ञान शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में स्वागत गीत, स्वागत भाषण, अतिथि व्याख्यान एवं प्रमाण-पत्र वितरण का आयोजन किया गया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रोली द्विवेदी ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button